बांदा। सोमवार को चित्रकूटधाम आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी या पात्रों को लाभ से वंचित रखने पर गंभीर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास, पेंशन, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा हुई। आयुक्त ने लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को केवल पोर्टल पर प्रगति दर्ज करने के बजाय मौके पर जाकर योजनाओं का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि समस्याओं को उच्च स्तर पर लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारी स्वयं प्रकरण की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही तय करने और अभिलेखीकरण करने के भी निर्देश दिए गए। (संवाद)