बांदा। दीपावली पर एक दिन के लिए ट्रायल पर चलाई गई ग्वालियर-इलाहाबाद विशेष एक्सप्रेस का इलेक्ट्रिक इंजन फेल हो गया। ट्रेन बांदा-मानिकपुर रूट पर स्थित डिंगवाही रेलवे स्टेशन में पौने तीन घंटे खड़ी रही। त्योहार पर घर जा रहे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और सहायक स्टेशन प्रबंधक से विरोध जताया।
ग्वालियर से आई स्पेशन एक्सप्रेस रविवार को तड़के 5.15 बजे बांदा रेलवे स्टेशन से इलाहाबाद के लिए रवाना हुई। लेकिन पहले ही स्टेशन डिंगवाही से करीब दो किलोमीटर पहले इलेक्ट्रिक इंजन फेल हो गया। बांदा से पहुंचा तकनीकी स्टाफ भी इंजन की खराबी दूर नहीं कर पाया। इस दौरान डिंगवाही स्टेशन के सहायक स्टेशन प्रबंधक से यात्रियों ने जमकर विरोध जताया और रोष जताया। लगभग तीन घंटे बाद बांदा से डीजल इंजन भेजकर ट्रेन को सुबह करीब 7.55 बजे रवाना किया गया। बांदा रेलवे स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा ने बताया कि इस रूट पर इलेक्ट्रिक संचालन हाल ही में शुरू हुआ। चालक भी पूरी तरह प्रशिक्षित नहीं हैं। इन्हीं सब कारणों से इलेक्ट्रिक इंजन में गड़बड़ी आई। यह भी बताया कि खराब हुआ इंजन काफी पुराना है।