अतर्रा (बांदा)। रोजगार की तलाश में महानगर को पलायन जानलेवा साबित हुआ। ट्रेन पर सवार होते ही युवा मजदूर नीचे आ गिरा और ट्रेन से उसके चिथडे़ उड़ गए। मृतक की युवा पत्नी और दो मासूम बच्चे हैं।
बिसंडा रोड पर नहर पुल के पास रहने वाला कौशल किशोर (30) पुत्र रामबहोरी कुशवाहा रविवार को तड़के मजदूरी करने के लिए कानपुर जाने को घर से निकला था। मृतक के भाई ने बताया कि अतर्रा रेलवे स्टेशन से वह चित्रकूट एक्सप्रेस में सवार हुआ। सुबह लोहिया पुल के पास रेलवे ट्रक के पास उसका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस और परिजनों ने बताया कि ट्रेन से गिरने पर कौशल की मौत हुई। पेशे से मजदूर कौशल की पत्नी चंदा ने बताया कि बैग और कुछ रुपया लेकर घर से निकले थे लेकिन बैग और पहने हुए कपड़े भी घटनास्थल पर नहीं मिले। कोतवाली इंस्पेक्टर रवींद्र तिवारी, एसएसआई चंद्रपाल सिंह, एसआई गौरव तिवारी और आरपीएफ के एसआई केके पांडेय तथा हेड कांस्टेबिल सीएन पांडेय मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। थाना पुलिस और आरपीएफ दोनों ही प्रथम दृष्टया इसे दुर्घटना मान रही हैं।