बांदा। शीत लहर का प्रकोप चौथे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। सार्वजनिक स्थलों पर कड़ाके की ठंड में गरीब ठिठुर रहे हैं। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड का असर ट्रेनों और बसों पर भी पड़ रहा है।
पिछले चार दिनों से शीत लहर के साथ ठंड का कहर शुरू है। रोजाना तापमान में गिरावट हो रही है। मंगलवार को दिन भर धूप खिली रही लेकिन ठंड और गलन के सामने यह बेअसर साबित हुई। केंद्रीय जल आयोग (मौसम विभाग) के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
दो दिन बाद ठंड व गलन और बढ़ने की उम्मीद जताई। उधर, कोहरे की धुंध ने ट्रेनों और सड़कों में वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी। ठंड से बचाव के लिए यात्री धूप में बैठकर ट्रेन-बस का इंतजार करते रहे। दूसरी तरफ प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों में अलाव जलाने का कोई बंदोबस्त नहीं किया। नतीजे में रात को जबरदस्त ठंड होने से गरीब-असहाय व यात्री बेहाल हैं।