दुर्घटना के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बहुआ (फतेहपुर)। बांदा- टांडा राजमार्ग पर बुधवार शाम बांदा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी की सफारी गाड़ी पलट गई। इससे उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा व चालक घायल हो गया। गाड़ी में मौजूद ईओ भी चुटहिल हुए हैं। वह अपने गृह जनपद जौनपुर से बांदा लौट रहे थे।
जौनपुर शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी वीरेंद्र श्रीवास्तव बांदा नगर पालिका में अधिशाषी अधिकारी के रूप में तैनात हैं। वह दिवाली पर्व की छुट्टियां मनाकर बुधवार शाम अपनी सफारी गाड़ी से बांदा लौट रहे थे। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ और दतौली चौकी के नजदीक नहर के पास पहुंचते ही गाड़ी सामने से आए वाहन से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में ईओ की पत्नी ज्योस्त्ना श्रीवास्तव (38) की मौत हो गई, जबकि बेटा हर्षित (15) व चालक आसिफ घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी के आगे की सीट पर बैठी ज्योत्स्ना का शव बाहर निकाला। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी।
पीछे की सीट पर बैठे ईओ वीरेंद्र श्रीवास्तव और उनके बगल बैठे बेटे हर्षित और चालक आसिफ घायल हो गए। इनका पास ही स्थित अस्पताल में इलाज कराया गया। दतौली चौकी इंचार्ज विद्याराम यादव ने बताया कि आशंका है कि चालक को झपकी आ गई और अचानक सामने वाहन देख नियंत्रण खो बैठा। तीनों का इलाज कराया गया है। पत्नी की मौत की वजह से ईओ अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं।