फोटो -3- गांव किशनी पुरवा का ट्रांसफार्मर जहां से काटे गए कनेक्शन। संवाद
करतल। नरैनी विद्युत केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मुकेरा के मजरा किशनी पुरवा में बिजली के बकाया बिलों के लिए पूरे गांव की बिजली काट दी गई है। इससे पेयजल का संकट गहरा गया है। करीब 550 की आबादी वाले गांव के 118 घरों में अंधेरा छा गया है।
ग्रामीण राजा, भइया राम, चुनकौना, बदरा, बगदू और अनुज ने बताया कि 22 अक्तूबर को लाइनमैन प्रमोद कुमार और संविदा लाइनमैन ने ट्रांसफार्मर से पूरे गांव की बिजली काट दी। दिन तो किसी तरह कट जाता है, लेकिन रात में अंधेरे के कारण परेशानी बढ़ जाती है।
मोबाइल चार्ज करने के लिए मानपुर, बरसड़ा, मुकेरा और नहरी गांव जाना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि संविदा लाइनमैन कनेक्शन जोड़ने के लिए प्रति कनेक्शन 400 रुपये मांग रहा है। पेयजल का संकट गहरा गया है।
20 से 25 लाख रुपये बकाया
अवर अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं पर करीब 20 से 25 लाख बिजली बिल बकाया है। किसी पर 20 हजार, 30 हजार तो किसी पर 40 हजार रुपये बकाया हैं। इसी वजह से गांव की बिजली काटी गई है। दो-तीन उपभोक्ताओं ने बिल जमा कर दिए। उनके कनेक्शन जोड़ दिए गए।