बांदा। ईडीसी कांट्रेक्टर यूनियन के अंतर्जनपदीय सम्मेलन में ठेकेदारों की समस्याओं पर चर्चा हुई। कहा गया कि अब सिर्फ लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) के आधार पर ठेकेदार काम नहीं करेंगे। अनुबंध होने पर ही काम किया जाएगा।
राजनारायण गुप्ता को सर्वसम्मति से यूनियन का जोनल अध्यक्ष चुना गया। मुख्य अभियंता को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।
शनिवार को दक्षिणांचल पावर कांट्रेक्टर एसोसिएशन, आगरा और ईडीसी कांट्रेक्टर यूनियन की संयुक्त बैठक में बुंदेलखंड के सभी जिलों सहित आगरा के ठेकेदारों ने भी भाग लिया। समस्याओं पर चर्चा की। उनके निदान पर भी मंथन हुआ।
आगरा यूनियन के अध्यक्ष मनोज चौधरी और राजनारायण गुप्ता ने भी संबोधित किया। बैठक के बाद मुख्य अभियंता को संबोधित ज्ञापन दिया गया। इसमें कहा गया कि बिना अनुबंध के कार्य नहीं कराए जाएंगे। कामों के लिए विभाग पैसे की व्यवस्था करे। प्रबंध निदेशक के आदेश का हवाला देकर कहा कि कनेक्शन विच्छेदन का भुगतान ओएंडएम फंड से किया जाए। इसका उल्लेख अनुबंध में भी करने का निर्देश है। यह भी मांग की कि टेंडर खुलने के एक सप्ताह के अंदर दूसरे और तीसरे सबसे कम दरों वाले टेंडर दाता की ईएमडी एक सप्ताह के अंदर वापस की जाए। किसी भी कार्य के लिए पूरी सामग्री एक ही बार में स्टोर से उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर अवधेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, प्रदीप शिवहरे, सचिन मिश्रा, हरेंद्र सिंह परिहार, राजन सिंह सेंगर, अरशद खां, रामलाल वर्मा, मुबीन खां, मुकेश रावत, मकबूल, दिनेश, मानिक चौरसिया आदि शामिल हैं।