दुकान के शटर में उतरे करंट की चपेट में आकर बालक की मौत हो गई। आर्थिक मदद और दुकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बालक के परिजनों और मोहल्लावासियों ने तीन घंटे तक हंगामा किया। बाद में पुलिस ने दुकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कसबे के बबेरू रोड निवासी बद्री माली का पुत्र रवि कुमार (10) मंगलवार को सुबह 6 बजे पप्पू कुशवाहा की किराने की दुकान में फूल डालने गया था। शटर के नीचे कुछ जगह होने पर वह हाथ डालकर बेलपत्र व फूल की पुड़िया अंदर डालने लगा।
शटर में करंट होने से वह चिपक गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज राकेश पाल ने पोल से केबिल हटवाकर बालक का शव शटर से अलग कराया।
उधर, बालक की मौत की खबर पर परिजनों व मोहल्लेवासी आक्रोशित हो उठे। एसडीएम को बुलाकर आर्थिक सहायता की घोषणा करने और दुकान मालिक के विरुद्ध कार्रवाई के बिना पुुलिस को करीब तीन घंटे तक शव नहीं उठाने दिया।
सूचना पर बिसंडा थानाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव और नायब तहसीलदार संजय कुमार अग्रहरि पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता व परिजनों का कहना था कि पुलिस तीन घंटे बाद बिना सील किए शव जबरन बिसंडा ले गई।
वहीं पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वे बेहद गरीब हैं। मरने वाला चार भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई गुजरात में मिल में काम करता है। बिसंडा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर दुकान मालिक पप्पू कुशवाहा के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 (ए) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली।