बांदा/चित्रकूट। चित्रकूटधाम मंडल के बांदा और चित्रकूट में कोरोना संक्रमण थोड़ा थमता नजर आ रहा है, लेकिन मौतों का सिलसिला अभी भी थम नहीं रहा है। शनिवार को बांदा में जहां एक संक्रमित वृद्ध की मौत हो गई, वहीं 13 नए मरीज मिले, जबकि चित्रकूट में चार कोरोना संक्रमित मिले। उधर, बांदा में 32 और चित्रकूट में 57 लोगों ने कोरोना से जंग जीतकर अपने-अपने घरों को चले गए।
बांदा जनपद में कोरोना से मौतों का सिलसिला बरकरार है। राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती 82 वर्षीय वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मृतकों की संख्या कुल 146 हो गई। उधर, 13 नए संक्रमित मरीज पाए गए। इनमें चार महिलाएं शामिल हैं। शनिवार को कुल 32 संक्रमित निगेटिव होकर डिस्चार्ज हो गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोरोना बुलेटिन के मुताबिक, मृत संक्रमित वृद्ध तीन दिनों से मेडिकल कालेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती था। सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने बताया कि शनिवार को मिले 13 नए संक्रमितों में 9 नगरीय और 4 ग्रामीण क्षेत्र के हैं। कई रोगों से ग्रसित और बुजुर्ग संक्रमितों को कोविड अस्पतालों में भर्ती किया गया है। अन्य मरीजों को उनके घरों में आइसोलेट किया गया है। अब जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 301 हो गई।
उन्होंने बताया कि शनिवार को होम आइसोलेशन से 30 और कोविड अस्पताल से मात्र दो मरीजों के स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। अब तक कुल 10,202 मरीज डिस्चार्ज हो चुके। उधर, चित्रकूट में शनिवार को जिले भर में कुल 2340 लोगों की जांच में सिर्फ 4 पाजिटिव मरीज मिले हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद कुमार ने बताया कि कुल जांच 2340 की गई, जिसमें चार पॉजिटिव मिले। यहां 57 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली। अब जिले में 180 एक्टिव केस है। इसके अलावा होम आइसोलेशन के मरीजों से स्वास्थ्य आदि के बारे में जानकारी कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के कर्मियों द्वारा लगातार की जा रही है। सभी चिकित्सालय में दवाओं आदि की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है। जिले के कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग व नगर पालिका की टीम ने सैनिटाइज किया है।
दो माह में कोरोना संक्रमित महिलाओं के आठ प्रसव
मेडिकल कॉलेज में चार आपरेशन से, चार सामान्य
बांदा। कोरोना संक्रमित गर्भवतियों के लिए राहत भरी खबर है। चित्रकूटधाम मंडल के एकलौते राजकीय मेडिकल कॉलेज में कोरोना पाजिटिव गर्भवतियों के इलाज व प्रसव की सुविधा है। यहां पर दो माह में आठ गर्भवतियों के प्रसव कराए जा चुके हैं, जिसमें चार प्रसव सामान्य व चार आपरेशन से हुए हैं।
कोरोना संक्रमण में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं। ओपीडी सेवा बंद होने के बाद लोगों को ई-संजीविनी और टेली कंसल्टेंसी के जरिए चिकित्सा सेवा मुहैया कराई जा रही है। कोरोना संक्रमित गर्भवतियों के इलाज और प्रसव का खास ख्याल रखते हुए मेडिकल कॉलेज में सुविधाएं दी जा रहीं हैं। प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि कोविड संक्रमित मरीजों की डिलीवरी के लिए अलग से स्टाफ भी नियुक्त कर दिया गया है। प्रसव के लिए अलग से लेबर रूम की सुविधा है।
बताया कि गाइडलाइन के मुताबिक चिकित्सा सेवा दी जा रही है। मेडिकल कॉलेज में कोविड मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। विषय परिस्थिति में सामान्य गर्भवती को भी प्रसव के लिए भर्ती किया जा सकता है, लेकिन ऐसी महिलाओं को पाजिटिव होने से बचाना बहुत मुश्किल है। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि कोरोना काल में अप्रैल से अब तक आठ गर्भवतियों के प्रसव कराए गए हैं। इसके अलावा प्रसव पूर्व जांच भी की जा रही है।
ब्लैक फंगस को लेकर भी रहें सतर्क
बांदा। जिले के प्रभारी और प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने अफसरों खासकर स्वास्थ्य विभाग को ब्लैक फंगस के प्रति सजग और सतर्क रहने का निर्देश दिया है। शनिवार को प्रभारी मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अफसरों संग बैठक की। कोरोना संक्रमण रोकथाम आदि के चल रहे कार्यों की जानकारी ली। निर्देश दिया कि अंत्योदय कार्ड के पात्र गृहस्थी धारकों को राशन बायोमीट्रिक से दिया जाए। वैक्सीनेशन का गलत प्रचार करने वाले दलों पर निगरानी के निर्देश दिए। मंत्री ने आक्सीजन की उपलब्धता के बारे में पूछा। उच्च और माध्यमिक शिक्षा की कक्षाएं आनलाइन कराने को कहा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना जांच के लिए 48 आरआर टीमें काम कर रही हैं। 11 जांच केंद्र हैं। रोजाना एंटीजन और आरटीपीसीआर से करीब 2500 टेस्ट हो रहे हैं। जिला अस्पताल और मेडिकल कालेज में रोजाना 20 से 25 जांच ट्रूूनाट से हो रही हैं। 71 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। कोविड एंड कमांड कंट्रोल सेंटर में 130 कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। बताया कि तीन आक्सीजन प्लांट बनाए जा रहे हैं। जिले में अब तक 115657 वैक्सीन डोज दी जा चुकी है। इनमें 11342 हेल्थ केयर वर्कर, 5668 फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं। बैठक में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, सीएमओ डा. एनडी शर्मा आदि मौजूद थेे। (संवाद)