बांदा/बदौसा/तिंदवारी। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बन गई है। अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश और सीलन के चलते आठ कच्चे मकान और एक दुकान गिर गई।
मकान और दुकान गिरने से राशन, कपड़े, बर्तन, पानी की टंकी समेत गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। एक घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई जबकि एक बछड़ा घायल हुआ है। प्रभावित परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
बदौसा में नरैनी विकासखंड के दुवरिया गांव में तेज बारिश के चलते उस्मान सिद्दीकी का कच्चा मकान गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे। मकान गिरने से राशन और गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दब गया।
इसी गांव में रामचंद्र वर्मा का कच्चा मकान भी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। एक कमरा पहले ही गिर चुका है और बाकी मकान भी जर्जर होने के कारण खतरे में है। रामचंद्र मजदूरी कर पत्नी और पांच बच्चों का भरण-पोषण करते हैं। परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास दिलाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत बरछा-ब में शैलेश विश्वकर्मा का मकान तेज बारिश में गिर गया। मलबे की चपेट में आकर पालतू बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घर के पास खड़ी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पानी की टंकी और गृहस्थी का सामान भी टूट गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आपदा राहत के तहत सहायता दिलाने और घायल पशु के उपचार के लिए पशु चिकित्साधिकारी की टीम भेजने की मांग की है। बदौसा के नदी टोला में मोहन लाल वर्मा का मकान भी बारिश के चलते गिर गया। क्षेत्र में बारिश का पानी भरने से गेंदालाल वर्मा का मकान भी गिर चुका है।
उधर, ग्राम पंचायत माटा में सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण पुष्पेंद्र तिवारी और कृष्णा पांडे के कच्चे मकान ढह गए। वहीं, बांदा के शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत मवई बुजुर्ग में सोमवार सुबह बारिश के चलते राजेंद्र की दुकान भरभराकर गिर गई। राजेंद्र घर में ही छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
तिंदवारी में विकासखंड की ग्राम पंचायत परसौडा के मजरा अमरइया में रविवार रात बारिश के कारण कमलेश वर्मा के कच्चे मकान की दीवार गिर गई। कमलेश गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मामले की जानकारी राजस्व विभाग को दी गई है।
-
पीड़ितों को राहत देने की मांग
समाजसेवी शाहनवाज खान शानू ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी से आपदा राहत के तहत सहायता दिलाने की मांग की है। ब्लॉक बनाओ संघर्ष समिति बदौसा के संयोजक संतोष कुशवाहा ने भी उपजिलाधिकारी अतर्रा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी घटनाओं का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता, राशन, तिरपाल और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
फोटो-3-गांव मवई बुजुर्ग में बारिश के चलते गिरी दुकान। संवाद
फोटो-3-गांव मवई बुजुर्ग में बारिश के चलते गिरी दुकान। संवाद
फोटो-3-गांव मवई बुजुर्ग में बारिश के चलते गिरी दुकान। संवाद
फोटो-3-गांव मवई बुजुर्ग में बारिश के चलते गिरी दुकान। संवाद