बांदा (अतर्रा)। कोतवाली पुलिस ने देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक बोलेरो में सवार छह लोगों को आठ लाख 80 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी बैठे लोगों द्वारा सही जानकारी न दिए जाने पर रुपयों को जब्त कर मालखाने में जमा कराया है। पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है।
मंगलवार की रात कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज सिंह पुलिस बल के साथ बांदा रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान बिसंडा की ओर से आई बोलेरो गाड़ी को उन्होंने रोका। गाड़ी में बैठे बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव निवासी शाश्वत द्विवेदी व आदर्श द्विवेदी पुत्रगण रामनयन द्विवेदी, तेंदुरा गांव निवासी शिवम तोमर पुत्र रामलखन, तेंदुरा गांव निवासी प्रद्युम्न सिंह पुत्र जगदीश सिंह, बिसंडा कस्बा निवासी सत्येंद्र त्रिपाठी पुत्र लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी, व बिसंडा के ही सत्यम साहू पुत्र राधेश्याम साहू की तलाशी ली।
इस दौरान इनके बैग में तलाशी के दौरान आठ लाख 80 हजार रुपया बरामद किया। वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली के उप निरीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अतर्रा कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि रुपयों को मालखाने में जमा कर आयकर विभाग को सूचना दी है। उनके आने पर ही जांच की जाएगी।