अतर्रा। घर के कच्चे कमरे में रखे कंडे निकालने गए ई-रिक्शा चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज में देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा ने बाएं पैर में सांप के डसने की आशंका जताई है।
कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा ग्रामीण स्थित अंश भोड़ा पुरवा निवासी राजकुमार वर्मा (42) शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर में लेटा था। मच्छरों से बचने के लिए धुआं करने के उद्देश्य से वह पास के कच्चे कमरे में रखे कंडे निकालने गया था।
कुछ देर बाद कमरे से लौटकर उसने परिजन को पैर में दर्द और चक्कर आने की शिकायत बताई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गया। परिजन उसे निजी वाहन से सीएचसी ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रात करीब साढ़े 11 बजे राजकुमार ने दम तोड़ दिया। मृतक के चाचा कमलेश वर्मा ने उसके बाएं पैर में सर्पदंश की आशंका जताई है। मृतक के भतीजे प्रमोद कुमार ने बताया कि राजकुमार ने ऋण लेकर ई-रिक्शा खरीदा था और उसे चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
इसके अलावा वह करीब आठ बीघा खेत बटाई पर लेकर खेती भी करता था। तीन भाइयों में वह सबसे छोटा था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में पत्नी इंदु देवी के अलावा चार बेटियां और तीन बेटे हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि अन्य सभी अविवाहित हैं।
घटना के बाद पत्नी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।