खत्री पहाड़। घरेलू गैस सिलिंडर भरवाकर घर जा रही मां-बेटी को गिरवां की ओर से आए डस्ट लादे डंपर ने बेटी को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक डंपर छोड़कर भाग निकला।
गिरवां थाना क्षेत्र के पतरहा पैगंबरपुर निवासी रूबीना (18) अपनी मां अनवरी के साथ बुधवार की देर शाम घरेलू गैस सिलिंडर भरवाने के लिए गिरवां चौराहे में आई थी। तभी गिरवां से बांदा की ओर जा रहे डस्ट लादे डंपर ने गिरवां मोड़ पर रुबीना को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया है। इस बीच डंपर चालक डंपर खड़ा कर मौके से भाग निकला। मां अनवरी ने बताया कि उसके पांच पुत्रियां व तीन पुत्र हैं।
रूबीना तीसरे नंबर की थी। वह मेहनत मजदूरी करती है। थाना इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना कि रोजाना बालू और गिट्टी व डस्ट लादे ट्रकों के निकलने से हादसे होते रहते हैं। इस पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने खत्री पहाड़ मार्ग के सीधा नहर पुल से खुरहंड रोड पुल बनवाने की मांग की है।