नरैनी। डंपर की चपेट में आकर किशोर की मौत हो गई। उसने इसी वर्ष हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की है। छात्र को कुचलने के बाद तेज रफ्तार भागते समय चालक स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर पलट गया। घटना कालिजंर थाना क्षेत्र के ढोलबजा गांव की है।
यहां के निवासी मुन्नीलाल का पुत्र राममूरत (17) शनिवार की तड़के लगभग दो बजे गांव से पड़ोसी गांव सढ़ा की ओर पैदल जा रहा था। नरैनी कस्बे में बशीर तिराहे के पास बालू लादकर जा रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर घर के लोग मौके पर पहुंचे और छात्र को सीएचसी लाए। यहां कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
हालांकि इतनी रात राममूरत पैदल घर से निकल जाने पर सवाल पर परिजन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। दुघर्टना के बाद तेज रफ्तार भाग रहा डंपर कुछ ही दूरी पर पलट गया। उसके ड्राइवर और क्लीनर भाग निकले। कालिंजर थाना पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेजा है। राममूरत ने इसी वर्ष हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा 66 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। वह दो भाइयों में बड़ा था।