संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। सर्दी का सितम जारी है। शीत लहर जानलेवा हो रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को 600 मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादातर मरीज सर्दी लगने से बीमार थे। वहीं, ज्यादातर तीमारदार अस्पताल परिसर में जल रहे अलाव में आग तापते नजर आए। उधर, ट्रामा सेंटर में 10 मरीजों को सर्दी लगने से भर्ती कराया गया। डॉक्टर सर्दी लगने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में गुरुवार को बिजली खेड़ा मोहल्ला निवासी नागेश (25), कटरा निवासी शिवधनी (73), छाबी तालाब निवासी शिवानी (9), मवई बुजुर्ग निवासी विनय सिंह (35), पचनेही गांव निवासी बच्चा (55), कृषि विश्वविद्यालय निवासी श्रजल (22), रसिन, चित्रकूट निवासी सीताराम (85), भवानीपुर चिल्ला निवासी बिटोला (75), सिविल लाइन निवासी गुड़िया (30), पुनाहुर महेश (33) को भर्ती कराया गया है। गुरुवार को अस्पताल में जल रहे अलाव में आग तापने वालों की भीड़ लगी रही।
सर्दी में जरा सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है। सर्दी से बचने के लिए अगर घर में हैं तो आग जलाकर सेंक सकते हैं। इस मौसम में गरम पानी से स्नान कर सकते हैं। पसलियों और सीने में दर्द हो तो तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।
डॉ. ह्दयेश पटेल, वरिष्ठ फिजिशियन, जिला अस्पताल