शराब के नशे में धुत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और उसके
विकलांग साथी ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में जमकर हंगामा मचाया।
लिपिकों और वहां आए फरियादियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने दोनोें को
गिरफ्तार कर लिया। जिला अस्पताल में इनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
अंबेडकर
नगर (बांदा) निवासी अनिल पुत्र राम कुमार यहां सीएमओ कार्यालय में चतुर्थ
श्रेणी कर्मचारी है। शनिवार को दोपहर बाघा (कमासिन) गांव निवासी रामकरन
अपने विकलांग प्रमाण पत्र का नवीनीकरण कराने आया था। कुछ देर बाद दोनों
शराब के नशे में धुत होकर आ गए और हंगामा मचाते हुए लिपिकों और वहां मौजूद
अन्य लोगों के साथ अभद्रता की।
लिपिकों के रोकने-टोकने पर उनके साथ
धक्का मुक्की करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हो-हल्ला सुनकर कार्यालय
में मौजूद मुख्य चिकित्साधिकारी कैप्टन डॉ. आरके सिंह बाहर आ गए। उन्होंने
तत्काल घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कुछ ही देर में कोतवाली के
दरोगा और पुलिस कर्मी आ गए और दोनों को हिरासत में ले लिया।
उधर,
सीएमओ ने बताया कि अनिल और रामकरन शराब के नशे में धुत होकर आपस में झगड़ा
कर रहे थे। पुलिस बुलाकर दोनों को गिरफ्तार करा दिया। कोतवाली प्रभारी
रनवीर सिंह ने बताया कि मेडिकल में शराब की पुष्टि हुई है। कहा कि तहरीर न
मिली तो वह शांति भंग (धारा 151) में दोनों का चालान करेंगे।