अतर्रा (बांदा)। युवक ने शराब के नशे में घर में हंगामा कर मां और बहन को बाहर निकाल दिया और खुद कमरे के अंदर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब घरवालों ने देखा तो वह फंदे से लटक रहा था।
बिसंडा थाना क्षेत्र के गांव मरौली भुराने का पुरवा निवासी श्रीकांत यादव ने बताया कि उसका छोटा भाई अनिरुद्ध यादव (22) सोमवार की रात नशे में घर आया था। यहां वह नशे में हंगामा करने लगा। मां साहबरानी और दोनों बहनों राजाबेटी और रानी ने मना किया तो उन्हें घर के बाहर निकाल दिया और कमरे का दरवाजा बंद कर रस्सी से फंदा लगा लिया।
कुछ देर बाद परिजन ने आवाज दी तो कोई आवाज नहीं आने पर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने एक बच्चे को आंगन की बाउंड्री से चढ़ाकर अंदर से कमरे का दरवाजा खुलवाया तो वह फंदे से लटका मिला। बड़े भाई ने बताया कि अनिरुद्ध गुजरात के वापी में रहकर मजदूरी करता था। एक माह पहले वह आया था। वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा और अविवाहित था।
दो दिन पहले भी उसने घर में नशे में हंगामा किया था। पुलिस आई थी और समझाकर चली गई थी। पिता की 10 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि युवक नशे का आदी था। घर में हंगामा कर खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।