बांदा। बुंदेलखंड में सूखे की मीडिया में मची
हाय-तौबा और नेताओं की बयानबाजी के बीच अब कांग्रेस ने भी इस चटियल धरती पर
वोटों की फसल उगाने के लिए कमर कस ली है।
पार्टी की पूर्व प्रदेश
अध्यक्ष और लखनऊ विधायक रीता बहुगुणा जोशी सहित कई कांग्रेस नेता दो जनवरी
की शाम बांदा पहुंच रहे हैं। तीन को ये गांवों में जाकर सूखे के हालात का
जायजा लेंगे।
बुंदेलखंड में कांग्रेस के कई विधायक हैं। अगले वर्ष
होने वाले चुनाव में भी कांग्रेस को बुंदेलखंड में तिरंगा परचम लहराने की
उम्मीदें हैं।
सूखे को लेकर सुर्खियों में बने बुंदेलखंड में अपनी
उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कांग्रेस नेताओं ने नए वर्ष की आमद होते ही
कवायदें शुरू कर दी हैं।
रीता बहुगुणा के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष
विधायक दलजीत सिंह, प्रभारी महासचिव भानु सहाय और मनोज तिवारी भी बुंदेलखंड
आ रहे हैं। तीन जनवरी को कांग्रेस नेता गांवों में चौपाल लगाएंगे।
जिलाध्यक्ष
अखिलेश कुमार शुक्ल ने बताया कि बांदा जनपद के गोयरा मुगली, करछा, अरबई,
गुरेह, मरका, इंगुवा मऊ, सांड़ा आदि गांवों में कांग्रेस नेताओं की चौपालें
और भ्रमण तय किए गए हैं।