घटनास्थल पर खंती में पड़ा ट्रैक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
ट्रैक्टर पलट जाने से युवा चालक की दबकर मौत हो गई। वह पूर्व प्रधान का भतीजा था। साथ में बैठा कानपुर निवासी और पॉलिटेक्निक का छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना रविवार को दोपहर बाद की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के पड़ुई गांव का राम कैलाश (18) पुत्र बद्री अपने पिता का ट्रैक्टर लेकर बांदा जा रहा था। पड़ुई गांव में ही पॉलीटेक्निक कर रहे कानपुर निवासी छात्र आशीष गुप्ता (19) भी बांदा जाने के लिए ट्रैक्टर पर बैठ गया। उसे कानपुर जाना था। ट्रैक्टर चलाते समय रामकैलाश का हाथ स्टेयरिंग पर फंस गया। ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गया। दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
रामकैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। वह पूर्व प्रधान गोविंद यादव का भतीजा था। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। गिरवां थानाध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह फोर्स के साथ मौके पर आ गए और जेसीबी से ट्रैक्टर के नीचे दबे रामकैलाश का शव और घायल आशीष को बाहर निकाला। पंचनामा भरकर रामकैलाश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आशीष को जिला अस्पताल भेजा गया। बांदा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भी मौके पर पहुंच गए।