हटेटीपुरवा में अवैध खनन से निकाली गई बालू का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
अक्तूबर शुरू होते ही प्रशासन ने खदानों और अवैध खनन पर नजरें टेढ़ी की हैं। मंगलवार की रात पुलिस और प्रशासन तथा खनिज विभाग के अधिकारियों ने डीएम के निर्देश पर पूरी रात चेकिंग की। देर रात डीएम ने वायरलेस संदेश के जरिए सभी उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को रात 11 से सुबह पांच बजे तक गिट्टी और बालू भरे वाहनों में ई-रवन्ने की जांच के आदेश दिए थे।
बुधवार को सुबह डीएम ने खुद भी शहर के नजदीक हटेटीपुरवा खदान में छापा मारकर खनन में लगी जेसीबी पकड़ कर पुलिस और खनिज विभाग के हवाले कर दिया। डीएम के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शैलेश कुमार (आईएएस) एडीएम गंगाराम गुप्ता और सिटी मजिस्ट्रेट रमेशचंद्र तिवारी ने कृषि विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास बालू भरा ट्रक पकड़ा।
इसके रवन्ने की अवधि समाप्त हो चुकी थी। अधिकारियों ने इसे सीज करा दिया। खनिज अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि रात में चेकिंग के दौरान तिंदवारी क्षेत्र के कुरसेजा चौकी के पास 80 वाहन चेक किए। सभी वैध पाए गए। खनिज अधिकारी ने बताया कि पहली अक्तूबर से लमेहटा, कुल्लूखेड़ा और चंदौर की बालू खदानों में खनन शुरू हो गया है। इन खदानों का मार्च माह में छह माह के लिए ई-पट्टा हुआ था। बारिश के दिनों में दो माह खनन बंद रहा।