बांदा। शहर के कई मोहल्लों में जल संस्थान द्वारा आपूर्ति किया जा रहा पानी पीना खतरे से खाली नहीं है। कहीं तो बेहद प्रदूषित और बदबूदार पानी दिया जा रहा है। ऐसे ही पानी का नमूना डीएम के सामने पेश कर सुधार की मांग की गई है। उधर, खाईंपार मोहल्ले में एक पखवारे से जलापूर्ति न होने की शिकायत की गई है।
शहर के डिग्गी चौराहा, पूर्वी कोठी और डा. भार्गव अस्पताल के पीछे पाइप लाइन से घरों में प्रदूषित पानी पहुंच रहा है। बदबू से यह पानी पीना तो दूर नहाने लायक भी नहीं है। पीयूसीएल कार्यकर्ता और अधिवक्ता सैय्यद अली मंजर ने इसे मानवाधिकार से जुड़ी गंभीर समस्या बताते हुए बुधवार को प्रभारी डीएम डीएस पांडेय को प्रदूषित पानी से भरी बोतल के साथ शिकायती पत्र दिया।
डीएम ने जल संस्थान अभियंता को जांच के आदेश दिए हैं। उधर, खाईंपार लोहार तलैया स्थित दलित बस्ती में एक पखवारे से पानी नहीं पहुंचा। बृजेश वर्मा, शंकरलाल, मीराबाई, जितेंद्र, रिंकू, सूबेदार सिंह, शंकूलाल, उमा देवी, मनोज, रफीक आदि ने सिटी मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में कहा है कि 15 दिन से खराब पाइप लाइन ठीक करने की अभियंताओं ने सुध नहीं ली।
गायत्री नगर के रज्जन गुप्ता, राजू गुप्ता, कमलेश, दाऊ गुप्ता, विष्णु, संतराम, राजकुमार, सुरेश मुनीम, लल्ला गुप्ता आदि ने सदर विधायक को ज्ञापन देकर नई पाइप लाइन बिछाने की मांग की है।