90 फीसदी से अधिक मतदान की प्रेरणा देते डीएम हीरा लाल।
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव में जिले के सभी 1454 बूथों को किसी न किसी अधिकारी या कर्मचारी को गोद देकर 90 फीसदी से अधिक मतदान का लक्ष्य हासिल करने की मुहिम में जुटे जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम हीरा लाल ने खुद भी एक बूथ को गोद लिया है। यह बांदा सदर विधान सभा क्षेत्र के पिपरी गांव में बूथ संख्या-6 है।
मंगलवार की देर शाम डीएम अपने गोद लिए गांव के बूथ में खुद पहुंचे। यहां चौपाल लगाई। ग्रामीणों में काफी उत्साह रहा। डीएम ने सदर तहसीलदार अवधेश निगम सहित गांव के प्रधान, सचिव और बीएलओ के साथ बैठकर मतदाता सूची से पूरा मंथन किया। यह बूथ गांव के प्राइमरी स्कूल में है। यहां कुल 1075 मतदाता हैं। बताया कि 38 मतदाता दिल्ली, सूरत, गुजरात या राजस्थान में हैं।
पांच की मृत्यु हो चुकी है। दो विवाह के बाद बाहर रहते हैं। 23 नए मतदाता हैं। 80 वर्ष से अधिक उम्र के 6 मतदाता दर्ज हैं। बीएलओ और स्कूल के सहायक अध्यापक अशोक कुमार ने डीएम को बताया कि जो लोग बाहर हैं उन्हें मतदान के लिए बुलाने को उनके परिजन संपर्क कर रहे हैं। डीएम ने बीएलओ से कहा वह खुद भी पलायित मतदाताओं से बात कर उन्हें आमंत्रित करें। गांव में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान के प्रति काफी उत्साह देखा गया है। बालिका कुमारी ज्योति ने गीत के जरिए मतदान के लिए जोश भरा।
डीएम हीरा लाल ने बताया कि 90 प्लस मतदान के लिए पूरे जनपद के अधिकारी और कर्मचारी पूरे जोश से जुटे हुए हैं। वह खुद भी उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं। अब तक 146 विभागों के 5,791 कर्मियों ने एक-एक बूथ गोद ले लिया है। यह सभी अपने बीएलओ से संपर्क में हैं और वोटर लिस्ट लेकर घर-घर हर मतदाता से संपर्क कर रहे हैं।
इ उपस्थित रहे।