विधान सभा चुनाव के मद्देनजर जेल में बंद खूंखार अपराधियों की दखलंदाजी पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को चित्रकूट के जिला जज और डीएम व एसपी ने मंडल कारागार में छापा मारा। जेल अधिकारियों को विधान सभा चुनाव को प्रभावित करने वाले बंदियों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत दी।
चित्रकूट के जिला जज चंद्रमौलि शुक्ला, जिलाधिकारी मोनिका रानी और पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मंगलवार को दोपहर अचानक मंडल कारागार में छापा मारा। बैरिकों और बंदियों की तलाशी ली। तलाशी में कुछ बंदियों के पास से बीड़ी, गुटखा आदि बरामद होने पर नाराजगी जताई। जेल अधिकारियों पर इस पर तत्काल रोक लगाने को कहा।
अस्पताल बैरिक में निरुद्ध बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। महिला बैरिक का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। डीएम व एसपी ने जेल अधिकारियों को विधान सभा चुनाव को प्रभावित करने वाले बंदियों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत दी। निरीक्षण के बाद जेल से बाहर आए चित्रकूट जनपद न्यायाधीश ने बताया कि जेल में सभी व्यवस्थाएं ठीक मिली हैं। कुछ स्थानों पर गंदगी मिली है इसे दुरुस्त करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि ‘अमर उजाला’ ने 9 जनवरी (सोमवार) के अंक में ‘जेल से चुनावी तीर चलाने वाले पुलिस के रडार पर’ खबर प्रकाशित की थी। इसमें कहा गया था कि मंडल कारागार में पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके दस्यु ददुआ और ठोकिया गिरोह के कई सदस्यों समेत अन्य जिलों के डेढ़ दर्जन खूंखार बंदी हैं जो जेल के अंदर से ही मनमाफिक प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी गठजोड़ करते रहे हैं।