मुख्यमंत्री से वार्ता करते जिला पंचायत अध्यक्ष।
- फोटो : स्रोत - स्वयं
बांदा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की और कुछ पत्र सौंपे। वहीं, उनकी इस मुलाकात से जिले का सियासी माहौल गरमा गया है। लोगों का मानना है कि बीते दिनों जिला पंचायत सभागार में हुए हंगामे को लेकर उन्होंने अपना पक्ष रखकर विरोधियों पर लगाम लगाने की मांग की।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इसके बाद जनपद का सियासी माहौल एक बार फिर से गरमाने लगा है। सीएम से हुई मुलाकात के विषय में जब अध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। कहा कि मुलाकात के दौरान क्षेत्र की समस्याओं को रखा गया। साथ ही जनपद के विकास के लिए जरूरी मुद्दों पर बात की गई। जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द ही योजना बनाने का भरोसा दिया है।
वहीं, इस मुलाकात की जानकारी के बाद जनपद में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष ने बीते दिनों हुए हंगामे को लेकर अपना पक्ष रखा है। वहीं, कुछ जिला पंचायत सदस्यों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जिला पंचायत में दो फाड़ हो गया है।
जल्द ही पार्टी हाईकमान को पूरी रिपोर्ट देकर वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने तथा अध्यक्ष के अधिकार सीज कराने का प्रयास किया जाएगा।