बांदा। देवोत्थानी एकादशी की रात रामजानकी व हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ के दौरान मंदिर के आंगन में स्थापित हनुमान मंदिर को अपमानित कर खंडित करने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से तमंचा भी लहराया था।
गिरवां थाना क्षेत्र के बांसी गांव निवासी मंदिर कमेटी अध्यक्ष अश्वनी कुमार तिवारी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि देवोत्थानी एकादशी की रात गांव के संदीप तिवारी, राहुल चतुर्वेदी, अभिषेक शुक्ला व नरैनी निवासी चंचल द्विवेदी ने रामजानकी मंदिर व हनुमान मंदिर में चल रही पूजा पाठ के दौरान हनुमान जी के छोटे मंदिर को न सिर्फ अपमानित किया बल्कि हनुमान प्रतिमा को खंडित कर दिया।
मौजूद लोगों ने विरोध किया तो राहुल ने तमंचा कमर से निकालकर लहराया। गांव वालों ने राहुल और चंचल को तमंचे के साथ मौके से पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। गिरवां थाने में तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी राहुल व चंचल को जेल भेजा गया है।