साइड स्टोरी...
माता-पिता ने नहीं किया जमीन का बंटवारा, पहले भी भाइयों में हो चुकी थी कहासुनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव के फकीरा डेरा निवासी राजबहादुर निषाद ने बताया कि वह तीन भाई हैं। सबसे बड़े शिवलोचन निषाद, फिर राजबहादुर और सबसे छोटे रामबहादुर हैं। पिता मइयादीन निषाद के नाम नौ बीघा और मां के नाम तीन बिस्वा जमीन है। माता-पिता ने अभी जमीन का बंटवारा नहीं किया है।
राजबहादुर के मुताबिक शुक्रवार सुबह उसका पुत्र दिव्यांश दादी के नाम दर्ज जमीन पर गोबर डालने गया था। रामबहादुर ने उसे गोबर डालते देख लिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। राजबहादुर का कहना है कि रामबहादुर उससे खुन्नस रखता था। दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन परिवार के लोग आपस में मामला सुलझा लेते थे।
राजबहादुर ने बताया कि उसके तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी कुसुमकली की शादी हो चुकी है। परिवार खेती-किसानी करता है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है। एहतियात के तौर पर पीड़ित परिवार के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है।
-
गीता की पीठ पर हंसिया, पति-पुत्र के सिर पर कुल्हाड़ी से वार
बांदा। बरेहटा के फकीरा डेरा में हुए हमले में गीता की पीठ के ऊपरी हिस्से पर हंसिया से वार किया गया, जबकि उसके पति राजबहादुर और पुत्र अनिल के सिर पर कुल्हाड़ी मारी गई। तीनों को गंभीर हालत में जसपुरा सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया। (संवाद)