बांदा/गिरवां/बदौसा। दिवाली की रात जहां घरों की देहरी दीपों से रोशन हुई। वहीं, बुंदेलखंड की गलियों और मंदिरों में ढोल-नगाड़ों की थाप पर सदियों पुरानी लोक संस्कृति भी जीवंत हो उठी। रंग-बिरंगी पोशाक, मोर पंख से सजे सिर, पैरों में घुंघरू और हाथों में लाठियां लिए मौनिया दलों ने दिवारी नृत्य के जरिये अपनी परंपरा और शौर्य का प्रदर्शन किया।
दिवाली के दूसरे दिन गिरवां क्षेत्र के खत्रीपहाड़ स्थित श्री सिद्धिदात्री विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर में आसपास के सैकड़ों गांवों से दिवारी खेलने वाले दल पहुंचे। मां के दर्शन और आशीर्वाद के बाद कलाकारों ने ढोलक, नगड़िया और नगाड़ों की लय पर प्रस्तुतियां दीं। घुंघरुओं की झंकार के बीच लाठियों के करतब आकर्षण का केंद्र रहे। दिवारी देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जुटे।
बबेरू क्षेत्र में मां मढ़ी दाई मंदिर में भी आसपास के गांवों से मौनिया दल पहुंचे। यहां दर्शन-पूजन के बाद कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। बदौसा कस्बे में देर शाम और रात को टोलियां गलियों में निकलीं। घरों के सामने पारंपरिक गीत गाकर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। लोगों ने श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार उन्हें नकदी, उपहार और अन्य सामग्री भेंट की। बदौसा में दिवाली जगाने की परंपरा ने त्योहार को सामाजिक मेलजोल का रंग दिया।
खत्री पहाड़ मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दिवारी खेलने वाले दलों को मिठाई और उपहार देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष आलोक तिवारी, प्रबंधक शैलेंद्र शुक्ल, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम स्वरूप द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उधर, दिवारी नृत्य की परंपरा में मौनिया दलों की विशेष भूमिका है। मान्यता के अनुसार कई दलों के कलाकार महालक्ष्मी पूजन के बाद मौन व्रत धारण करते हैं। कुछ दल इस दौरान अन्न-जल ग्रहण नहीं करते। अगले दिन विशेष पूजा के बाद वे दिवारी खेलने निकलते हैं। ब्लॉक जसपुरा क्षेत्र के बरेहटा, जसपुरा, अमारा, गौरीकला, गड़रिया, सिकहुला और रामपुर समेत कई गांवों में सोमवार को मौन पूजा की परंपरा निभाई गई। प्रमोद निषाद, पंकज शिवहरे और फूलचंद्र निषाद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
युवाओं ने दिखाए युद्धकला के करतब
तिंदवारी/पैलानी। तिंदवारी क्षेत्र के गांव मिर्जा स्थित वंशदास बाबा मंदिर परिसर में दिवारी प्रतियोगिता हुई। इसमें गोखरही, मिरगहनी, गजनी, भिरौड़ा, महेदू और मुंगुस समेत दर्जनों गांवों की टीमों ने करतब दिखाए। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर ब्योंजा के संतराम, मुंगुस के शिवशंकर और तिंदवारी के रामलखन को वंशदास सेवा समिति ने सम्मानित किया। पैलानी तहसील के खप्टिहा कलां में गोवर्धन पूजा पर करीब 50 मौनिहारों ने मोरपंख लेकर खेरापति मंदिर से यात्रा शुरू की। गोशाला में गोवंशों का पूजन किया। ग्राम विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने तिलक लगाकर अंगवस्त्र और गुड़-चना भेंट किए। मौन व्रत धारण करने वाले इन लोगों ने निर्जला व्रत रखते हुए भुइयांरानी और सिद्ध बाबा स्थान पर पूजा-अर्चना की। दिनभर गोवंशों की सेवा के बाद सिद्ध पीठ पाथादाई मंदिर में व्रत खोलने का संकल्प लिया। रास्ते में ग्रामीणों ने स्वागत कर प्रसाद वितरित किया।
दिवारी कलाकारों का किया सम्मान
खप्टिहा कलां के पशु आश्रय स्थल में गोवर्धन पूजा के साथ दिवारी नृत्य का आयोजन हुआ। कलाकारों ने गोवंशों का पूजन कर उन्हें गुड़ खिलाया। उन्होंने कहा कि दिवारी बुंदेलखंड की पहचान है। लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ गोवंशों की सेवा भी जरूरी है। कार्यक्रम में बद्री, अनूप सिंह, बिपेंद्र, रामचंद्रपाल, बाबू यादव, दयाराम पाल, पप्पू यादव, माहेश्वरी यादव, मुन्नीलाल पाल, बंदरी यादव, कमल किशोर, रमेश दीक्षित और कुलदीप पांडेय सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो 10- पैलानी : दिवारी नृत्य करते मौनिहार। संवाद
फोटो 10- पैलानी : दिवारी नृत्य करते मौनिहार। संवाद
फोटो 10- पैलानी : दिवारी नृत्य करते मौनिहार। संवाद
फोटो 10- पैलानी : दिवारी नृत्य करते मौनिहार। संवाद