बांदा। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने गुरुवार को लहचूरा बांध पार्क (महोबा) में चित्रकूटधाम मंडल के विकास और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। पुलिस महानिरीक्षक के.सत्यनारायणा भी शामिल हुए। आयुक्त ने मंडल में गोल्डन कार्ड का काम फिसड्डी होने को शर्मनाक बताया।
उन्होंने जैविक खेती का काम महोबा व हमीरपुर में काफी होने पर संतोष जताया। अन्य जनपदों के डीएम से कहा कि किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करें। बताया कि किसान सम्मान निधि के सबसे ज्यादा 42 हजार प्रकरण बांदा में लंबित हैं।
महोबा में 8 हजार लोग सत्यापित नहीं हो पाए हैं। आयुक्त ने जिलाधिकारियों को इसमें प्राथमिकता से कार्य कराने का निर्देश दिया। गोशालाओं में ठंड से बचाव के इंतजाम, ईयर टैगिंग, सांड़ों का बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान आदि के निर्देश दिए।
मंडल में गोल्डन कार्ड का काम सुस्त होने को शर्मनाक बताया। प्रत्येक परिवार को कम से कम एक गोल्डन कार्ड के निर्देश दिए। कंबल की खरीद और वितरण समय से करने और रैन बसेरा चालू करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह (बांदा), ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (हमीरपुर), सत्येंद्र कुमार (महोबा), जेडीसी रमेशचंद्र पांडेय, सीडीओ अमित आशरी (चित्रकूट), कमलेश कुमार वैश्य (हमीरपुर), हरिश्चंद्र वर्मा (बांदा), आरएस गौतम (महोबा), उप निदेशक (पंचायत) दिनेश सिंह, आरएफसी संजीव कुमार, उप निदेशक (मत्स्य) ज्ञानेंद्र सिंह, उप निदेशक (उद्यान) भैरम सिंह सहित अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।