बांदा। चचेरी बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे मामा-भांजे की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक चला रहे किशोर उम्र भांजे की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मामा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के टोलाकलां गांव का सुमित (17) पुत्र शिव प्रसाद गुरूवार की दोपहर अपनी चचेरी बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड देने कमनौड़ी (देहात कोतवाली) गांव जा रहा था। उसके साथ बाइक पर राजेश (30) पुत्र संतोष (कमनौड़ी) भी बैठा था।
गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे कमनौड़ी गांव के तिराहे पर फतेहपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चालक सुमित उछलकर ट्रक के नीचे आ गया। कुचलकर उसकी वहीं मौत हो गई। मामा राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चचेरे भाई देशराज ने बताया कि सुमित जेपी शर्मा इंटर कालेज, बबेरू में कक्षा 9 का छात्र था। चार भाईयों में सबसे छोटा था। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर रुकुम पाल सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक फतेहपुर का है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।