बांदा। भूतल एवं खनिकर्म निदेशालय स्तर पर गठित खनिज अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग कर ओवरलोडिंग और अवैध खनन में 47 ट्रक पकड़े। निदेशालय से गठित विशेष टीम में रायबरेली और प्रयागराज के खनिज अधिकारी शामिल थे।
टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से सबसे ज्यादा 33 ट्रक मटौंध थाना क्षेत्र में पकड़े। इसके अलावा देहात कोतवाली क्षेत्र में चार ट्रक पकड़े। टीम के मुताबिक ट्रकों के पास वैध प्रपत्र, रॉयल्टी, आईएसटीपी आदि दुरुस्त नहीं थी। परिवहन पास में दर्ज मात्रा से कहीं ज्यादा बालू/गिट्टी लोड की गई थी।
ट्रकों को संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस के हवाले किया गया है। टीम में रायबरेली के खनिज निरीक्षक, प्रयागराज के अधिकारी और बांदा के खनिज अधिकारी शामिल थे। डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई और चेकिंग अभियान आगे भी चलेगा।
किसी जांच एजेंसी ने नहीं किया तलब- दलजीत
सीमावर्ती फतेहपुर जिले में बालू के अवैध खनन की सीबीआई द्वारा की जा रही जांच में तलब किए जाने की खबरों को कांग्रेस के पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने पूरी तरह गलत बताया है। कहा है कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश है। शुक्रवार को जारी प्रेस नोट में पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें किसी भी जांच एजेंसी ने तलब नहीं किया है। न ही कोई पूछताछ की है।
जांच के बारे में भी उन्हें कुछ पता नहीं है। पूर्व विधायक ने कहा कि अपने कार्यकाल में जनसेवा को प्राथमिकता दी है। कमीशनखोरी, दलाली या समाज विरोधी कभी कोई कार्य नहीं किए। आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनैतिक खुन्नस में झूठे प्रचार की साजिश कर रहे हैं। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया आदि के जरिये उन पर कीचड़ उछालने वालों के विरुद्ध वह न्यायालय जा सकते हैं।