ओरन। बारिश में उफनाई केन नहर पार करते समय वृद्ध पानी में गिर गया। बहकर डूबने से उसकी मौत हो गई। पानी में पड़े शव को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। कई घंटे की टालमटोल के बाद आई पुलिस ने शव का पंचनामा किया।
घटना बदौसा क्षेत्र के कुल्लूखेड़ा में पथरहा पुरवा की है। अनुसूचित जाति का रामकिशुन (90) पुत्र गज्जू बुधवार सुबह शौच के लिए गया था। नहर के उस पार जाने के लिए नहर में आरपार बने संकरे रास्ते से गुजरते समय पैर फिसल गया और वह उफनाती नहर में जा गिरा। कुछ देर बाद गांव के अन्य लोग वहां से गुजरे तो पानी में पड़े शव पर नजर पड़ी तो बाहर निकाला। प्रधान पति रज्जू वर्मा ने थाने में सूचना दी। इस पर थानाध्यक्ष ने ओरन चौकी में खबर देने की सलाह देेककर पल्ला झाड़ लिया। परिजनों ने ओरन चौकी को बताया तो जवाब मिला की बारिश में रास्ता नहीं है। बाद में दोपहर को लमेहटा गांव की पुलिस चौकी प्रभारी लालजी तिवारी मौके पर आए और शव का पंचनामा भरकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।