फोटो- 09 रामप्रसाद निषाद। स्रोत- परिजन।
बांदा। गांव के वैद्य से ली गई शराब छुड़ाने की दवा खाने से युवक की हालत बिगड़ गई। उसे दस्त लग गए। इससे उसकी मौत हो गई। पिता ने कथित वैद्य पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव निवासी रामरूप निषाद ने बताया कि उसका पुत्र रामप्रसाद निषाद (36) चार दिन पहले अपनी ससुराल बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदाघाट आया था। यहां गांव में ही किसी वैद्य से उसने शराब छुड़ाने की दवा ली थी। दवा खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। गुरुवार की रात उसे कई बार दस्त हुए।
शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि कथित वैद्य ने दवा की जगह उसे जहर खिला दिया है। हालांकि उन्होंने तहरीर नहीं दी है। उधर, रामप्रसाद के चचिया ससुर ने बताया कि रात में कई बार दस्त हुए हैं। हालांकि वैद्य ने बताया था कि दवा खाने के बाद उल्टी और दस्त होंगे, लेकिन उसी के चलते उसकी मौत हुई है। रामप्रसाद हिमांचल प्रदेश में लोहा फैक्ट्री में काम करता था। वह 12 सिंतबर को अपने गांव आया था। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था।
पत्नी प्रीति देवी व एक पुत्र एक पुत्री है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि रामप्रसाद ने लगातार दो दिन दवा खाई थी। बाद में उनकी हालत बिगड़ी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।