बस अड्डे पर अमृत स्नान के लिए जाने को श्रद्धालुओं का लगा तांता।
- फोटो : संवाद
बांदा। महाशिवरात्रि के अवसर पर अमृत स्नान के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड पर हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। सुबह से देररात तक स्टेशन व बस अड्डे में भीड़ जुटी रहती है। इससे अन्य यात्रियों को परेशानी हो रही है। वहीं, कई ट्रेनों से निरस्त होने से बसों के लिए मारामारी होने लगी है।
बुधवार को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालु महाकुंभ मेला में शामिल होने को लालायित है। दिनभर में हजारों लोग प्रयागराज जाने के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पहुंच रहे है। निजी व प्राइवेट वाहनों के जाम में फंसने की सूचनाओं के कारण लोग ट्रेन व बसों को बेहतर विकल्प समझते है। सोमवार की सुबह चार बजे रोडवेज बस स्टैंड पर सैकड़ों लोग बसों की प्रतीक्षा में बैठे रहे।
गिरवां निवासी रामभर उपाध्याय, जानकीशरण, उमा ने बताया कि वह शिवरात्रि के अवसर पर पुण्य स्नान का लाभ लेने के लिए जल्द से जल्द प्रयागराज पहुंचना चाहते है। कहा कि गांव से निजी वाहन द्वारा यहां पहुंचे और बस से आगे का सफर करेंगे। इसी प्रकार तिंदवारी के रहने वाले प्रेमप्रकाश, हरदयाल, भगवती आदि भी भोर होते ही मुख्यालय पहुंचे ओर महाकुंभ में शामिल होने के लिए बस का इंतजार करने लगे।