शहर में पेयजल संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। पानी के लिए लोग परेशान हैं। बुधवार को भी शहर में पानी के लिए प्रदर्शन हुए। मर्दननाका व कंचन पुरवा के बाशिंदों ने कलेक्ट्रेट में खाली घड़े-मटके लेकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन दिया।
पिछले एक पखवारे से पेयज संकट गहराया हुआ है। आंधी से पेयजल फीडरों की टूटी लाइनें दुरुस्त हो जाने के बाद भी जल संस्थान जलापूर्ति सामान्य नहीं कर पाया। अधिकांश मोहल्लों में सुबह मात्र आधा घंटा के लिए जलापूर्ति हो रही है। इसमें भी देर तक गंदा पानी आता है। बुधवार को कंचन पुरवा मोहल्ला के महिला-पुरुषों से कलेक्ट्रट में खाली घड़े लेकर प्रदर्शन किया।
बताया कि करीब एक माह से उनके इलाके में जलापूर्ति नहीं हो रही है। हैंडपंप खराब हैं। कई बार की शिकायतों के बाद समस्या दूर नहीं हुई। 40 साल पुरानी पाइप लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। पिछले साल नई पाइप लाइन का स्टीमेट बना था। लेकिन आज तक कार्य नहीं शुरू हुआ। जीतू तिवारी, सुरेश जोशी, रागनी, गोरे, अजय, अंजना, शिवप्रताप, राजकुमारी, रामगोपाल, सुनीता इत्यादि शामिल रहीं।
उधर, नेशनल आवामी पार्टी नगर अध्यक्ष शमीम शाह की अगुवाई में मर्दननाका के बाशिंदों ने कहा कि लाला भइया अखाड़े के सामने भिश्ती कब्रिस्तान में हैंडपंप नहीं है। दलित बस्ती में पेयजल की किल्लत है। महिलाएं व बच्चे गर्मी में दूर से पानी लाते हैं। शवों को दफनाने आए परिजनों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। लतीफ हाफिज, यासीन खां, रज्जू कुशवाहा, चंदा, रामलाल, शिवकुमार,विजय आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने किया विरोध-प्रदर्शन
बबेरू। उद्योग व्यापार मंडल ने कस्बे में पखवारे भर से चल रही पेयजल व बिजली समस्या को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। एक कार्यक्रम में आए डीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समस्या निस्तारण की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सुधीर कुमार अग्रहरि की अगुवाई में कहा कि जल्द ही बिजली व पेयजल समस्या पटरी पर नहीं आती तो व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे। व्यापारियों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की। मंत्री राजेश साहू, समाजसेवी अरविंद गुप्ता, बसंत गुप्ता, मोहन चौरसिया, केके महंत, सुरेंद्र सैनी, राजा कुशवाहा इत्यादि व्यापारी मौजूद रहे।