समाजवादी पेंशन योजना से वंचित कुछ महिलाओं ने बेलन गैंग के साथ बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर योजना में धांधली की जांच व पात्रों को पेंशन दिलाने की मांग की।
बेलन गैंग कमांडर पुष्पा गोस्वामी की अगुवाई में आधा सैकड़ा महिलाओं ने बेलन लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। पुष्पा ने बताया कि शंभू नगर वार्ड में तमाम गरीब महिलाएं समाजवादी पेंशन योजना से वंचित हैं। इससे पहले इन्हें महामाया पेंशन मिलती थी।
नगर पालिका व समाज कल्याण विभाग में बाबुओं ने सुविधा शुल्क न मिलने पर उनके फार्म रद्दी में डाल दिए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने फार्म जमा कराने के नाम पर रुपये वसूले और फार्म जमा भी नहीं हुए। महिलाओं ने कहा कि समाजवादी पेंशन नहीं मिली तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में चुनिया, हिरामनी, बानी, माया, रामकली, गुड़िया, रामलली, फूलमती, गिल्ली, शर्मिला, ऊषा, रेखा, कुसुमा, रानी, शकुंतला, अनीता आदि महिलाएं शामिल रहीं।