बैंक के बाहर धरने पर बैठे खाताधारक।
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, मुरवल में शुक्रवार को फिर खाताधारकों ने प्रबंधक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर बैंक के सामने धरना दिया। आरोप लगाया कि अपने गुर्गों के जरिए प्रबंधक निकासी करा रहे हैं। दोपहर लगभग एक बजे खाताधारक ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
बैंक प्रबंधक के विरुद्ध नारे शुरू कर दिए। खाताधारक श्यामलाल, राजेंद्र सहित तमाम लोगों ने आरोप लगाया कि प्रबंधक अपने गुर्गों और चहेतों को कैश देकर आम लोगों को घंटे लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने के लिए मजबूर कर रहे हैं। बमुश्किल स्थानीय पुलिस ने खाताधारकों का गुस्सा शांत कराया। उधर, बैंक प्रबंधक आरबी श्रीवास्तव ने बताया कि सभी खाताधारकों की पासबुक एक साथ जमा करा ली जाती है। लगभग 7-8 सौ पासबुकें रोज आती हैं। कैश इन सबको नहीं हो पाता। 100-150 लोगों को ही भुगतान हो पाता है। अन्य आरोपों को प्रबंधक ने गलत बताया।