अतर्रा। यूपी राइस मिलर्स एसोसिएशन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद नीति में संशोधन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
बुधवार को जिलाध्यक्ष साहिल द्विवेदी के नेतृत्व में व्यापारियों ने कचहरी परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र सौंपकर मिलर्स की समस्याओं से अवगत कराया।
एसोसिएशन ने बंद की गई 35 रुपये प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि दोबारा शुरू कर इसे बढ़ाकर 50 रुपये करने की मांग की। हाइब्रिड धान पर रिकवरी प्रतिपूरक को 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर दो प्रतिशत करने के लिए कहा।
पत्र में बताया कि बिजली, श्रमिक और परिवहन समेत मिलिंग की लागत लगातार बढ़ रही है। वहीं हाइब्रिड धान से निर्धारित मानक के अनुरूप कम चावल निकलने के कारण मिलर्स को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। श्रीगणेश द्विवेदी, दिनेश उपाध्याय, विजय द्विवेदी, उदय समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।