फोटो-27- घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के आमारा गांव के मजरा कुटी डेरा में रविवार को किसान शिवकरन निषाद (65) ने आग लगाकर जान दे दी।
मृतक के भाई ने कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात कही है। उसके मुताबिक, तीन बेटियों की शादी के लिए शिवकरन ने कर्ज लिया था और चार बीघा जमीन तीन लाख रुपये में गिरवीं रख दी थी। हालांकि, पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
कुटी डेरा निवासी शिवकरन प्रधानमंत्री आवास योजना से बने मकान में अकेले रहते थे। रविवार को सुबह 11:30 बजे के करीब वह आग की चपेट में आ गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वह भोजन करने के लिए करीब एक किलोमीटर दूर रामलाल डेरा स्थित पुराने घर जाते थे। वहां उनकी पत्नी गोदिया और बहू रहती है।
मृतक के भाई जयकरण निषाद ने बताया कि शिवकरन तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके तीन बेटियां और दो बेटे हैं। तीन बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी थी। दोनों बेटे सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं। बताया कि बेटियों की शादी के लिए लिए गए कर्ज के चलते शिवकरन ने अपनी तीन बीघा जमीन तीन लाख रुपये में गिरवीं रख दी थी। आर्थिक तंगी के कारण वह अक्सर परेशान रहते थे।
उधर, घटना की जानकारी मिलने पर बेटे घर लौट रहे हैं। शिवकरन की मौत से पत्नी गोदिया का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष सीपी तिवारी ने बताया कि घटना कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।