बांदा। अलग-अलग दो घटनाओं में मजदूर और किसान की पानी में डूबकर मौत हो गई। पहली घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव की है। मंगलवार को शाम गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान विनोद सिंह (38) पुत्र राजाराम सिंह जमकर नाचता-थिरकता रहा। वह नशे में भी बताया गया। गांव के गोरेवीर तालाब में प्रतिमा विसर्जन के दौरान विनोद सिंह तैरता हुआ दूर तक चला गया। वापस नहीं लौट सका और डूब गया। मृतक अविवाहित था और पेशे से मजदूर था। माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। तीन भाइयों में छोटा था।
दूसरी घटना बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव में हुई। मंगलवार को सुबह रामबिहारी (55) पुत्र कमतू चारा काटने खेत जा रहा था। रास्ते में पानी भरे चेकडेम की दीवार से उस पार जाते समय पैर फिसल गया और गहरे पानी में जा गिरा। डूबकर उसकी मौत हो गई। सिर में भी चोट आई।
नजदीक में बकरी चरा रहे भतीजे छोटू ने देखा और ग्रामीणों की मदद शव बाहर निकाला गया। दोनों शवों का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। एक अन्य घटना में मंगलवार को बांदा शहर के नजदीक भूरागढ़ में केन नदी में विसर्जन के दौरान घाट पार करते समय रामखिलावन (55) पुत्र शिवराज गहरे पानी में जा गिरा। वह नशे में बताया गया है। आसपास मौजूद गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।