बारातियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से वृद्ध की मौत हो गई। हादसे में आठ बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। दो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव निवासी वंशीलाल राजपूत के पुत्र की बारात सोमवार को करतल गांव गई थी। मंगलवार को दोपहर विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन कार से रवाना हुए, जबकि बाराती ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। इसमें लगभग 35 लोग सवार थे।
रिसौरा गांव के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर ट्राली बेकाबू होकर पलट गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे राहगीरों ने ट्राली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक ट्राली में सवार पैगंबरपुर गांव निवासी पूरन सिंह लंबरदार (70) की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बाकी घायल बारातियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां गंभीर हालत में ओम प्रकाश और प्रीतम सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में पैगंबरपुर निवासी कैलाश (30) पुत्र नत्थू, जुग्गीलाल (35) पुत्र प्यारेलाल, द्वारिका प्रसाद (65) पुत्र चुन्नीलाल, रामसहाय (51) पुत्र धीरू, ओम नारायण (40) पुत्र प्यारेलाल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया जा रहा है।