फोटो- 31 शंकर उर्फ कल्लू उपाध्याय। स्रोत- परिजन।
बांदा। रात से लापता युवक का गांव की पुलिया के नीचे शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के पिता ने अपने ही भाई और भतीजों पर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अब तक कोतवाली में तहरीर नहीं दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी बृजमोहन ने बताया कि उसका पुत्र शंकर उर्फ कल्लू उपाध्याय (35) रविवार की रात घर से खाना खाकर गांव के ही फौजी नाम के युवक के साथ निकला था। रातभर वह घर नहीं आया। सोमवार की सुबह चरवाहाें ने गांव की पुलिया के नीचे उसका शव पड़ा देखा तो परिजनों को जानकारी दी। बृजमोहन ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनका छोटे भाई से ढाई बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। छोटे भाई ने पिता से धोखे से ढाई बीघा जमीन का बैनामा करा लिया था।
जिस पर बृजमोहन ने न्यायालय में वाद भी दायर किया है। रविवार की सुबह राजेश व उसके पुत्रों ने मुकदमा वापस लेने को लेकर धमकी भी दी थी। जिस पर शंकर ने कहा था जो करना हो कर लेना। उन्होंने आशंका जताई है कि उसके भाई और भतीजों ने ही उसके पुत्र की हत्या कर दी है। वह खेती किसानी करता था। देहात कोतवाली प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि परिजन जो आरोप लगा रहे हैं उस पर अभी तक तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।