बांदा। गिरवा क्षेत्र के गढ़ी चांदपुर गांव से चार दिन पहले लापता हुए किसान का शव उसके घर के पास स्थित तालाब में मिला है। परिजनों ने किसान की हत्या की आशंका जताई है। जबकि, पुलिस तालाब में डूबने से मौत होना बता रही है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम में किसान की मौत की वजह साफ हो जाएगी।
गढ़ी चांदपुर गांव निवासी राम बहोरी (52) 25 फरवरी की सुबह 11 बजे खेत जाने के लिए घर से निकले थे। तब से उनका कुछ अता-पता नहीं था। परिजनों ने गिरवां थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। ग्रामीणों ने मंगलवार को गांव में ही स्थित तालाब में राम बिरोही का शव पानी में उतराता देखा। सूचना पाकर पहुंचे भाई सुदामा ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।
बड़े भाई अच्छे लाल ने राम बिहोरी की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। वहीं, थाना प्रभारी मनोज कुमार शुक्ला कहना है कि राम बिहोरी शराब का आदी थी। वह शराब के नशे में गिर गया। इससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह के बारे में बताया जा सकेगा।