बबेरू (बांदा)।बोर्ड में लगे पंखे का स्विच बंद करने गई किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई। बचाने गई मां भी करंट से अचेत हो गई। मां को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर के बकलेहवा गांव निवासी बाले प्रसाद निषाद ने बताया कि बेटी महालक्ष्मी (15) शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे अपने घर में लगे बिजली के बाेर्ड में पंखे का स्विच बंद करने गई थी। स्पार्किंग होने से करंट से चिपक गई। आवाज सुनकर मां चंदी ने बेटी को बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आकर चिपक गईं। दाेनों की चीख पुकार सुनकर परिजन पहुंचे। डंडे से दोनों को अलग किया। बेहोशी की हालत में मां-बेटी को सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने महालक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। मां चंदी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बांदा के लिए रेफर किया है। पिता ने बताया कि महालक्ष्मी चार बहनों और तीन भाइयों में दूसरे नंबर की थी। वह कक्षा नौ की छात्रा था। पिता ने बताया कि वह सुबह खाना खाकर मजदूरी के लिए गया था। तभी यह घटना हुई है। कोतवाली इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि करंट लगने से किशोरी की मौत हुई है। उसकी मां गंभीर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।