फोटो 22 सीकेटीपी-8 परिचय- खाद के लिए खरीद केंद्र के बाहर खडृे किसान व उनके परिजन। संवाद
चित्रकूट। जिले के 48 खाद केंद्रों में सोमवार को केवल 12 पर ही डीएपी का वितरण हुआ। सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगीं। भीड़ अधिक होने से कई लोगों को खाद नहीं मिल सकी और वे निराश होकर लौट गए। किसानों का कहना था कि केंद्रों पर केवल 500 बोरी पहुंची, जबकि हजार से अधिक किसान खाद लेने आए थे।
जिले के लिए 1055 एमटी खाद का आवंटन किया गया है, लेकिन सोमवार को सिर्फ भौंरी, रामनगर, रैपुरा, मऊ, पराकों समेत 12 केंद्रों पर ही खाद उपलब्ध हो सकी। यहां खतौनी और आधार कार्ड की जांच के बाद डीएपी का वितरण किया गया। भौंरी गांव के किसान राजेश तिवारी ने बताया कि सुबह 8 बजे लाइन में लगने के बाद तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। महिला किसान रेखा देवी ने कहा कि रबी की बोआई के लिए किसान पहले से ही खाद लेकर सुरक्षित रखना चाहते हैं ताकि बाद में दिक्कत न हो।
भौंरी केंद्र प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि यहां 400 बोरी आई थी, जिसमें से 200 बोरी का वितरण 90 किसानों को किया गया। रैपुरा केंद्र प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने कहा कि वहां 500 बोरी पहुंची है। एक किसान को खाद देने में औसतन 20 मिनट लग जाता है, जिससे लाइन लंबी हो जाती है।
सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार ने बताया कि जिले को 1055 एमटी खाद आवंटित की गई है। सभी केंद्रों पर आपूर्ति भेजी जा चुकी है। सोमवार को केवल 12 केंद्रों पर वितरण हुआ, जबकि शेष केंद्रों में मंगलवार से खाद वितरित होगी।