नरैनी। किसानों से चना खरीद में फर्जीवाड़ा करने पर खरीद केंद्र प्रभारी प्रबंध निदेशक सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि केंद्र प्रभारी ने किसानों के फर्जी अभिलेख लगाकर आढ़तियों से चने की फर्जी खरीद कर ली थी। एसडीएम ने 20 मई को छापा मारकर यह गड़बड़ी पकड़ी थी। यहां खरीद के लिए सरकार ने यूपीपीसीयू को अधिकृ त किया था।
इस संस्था ने झांसी की दूसरी संस्था को यह काम सौंप दिया। क्षेत्रीय किसानों ने विधायक राजकरन कबीर से शिकायत की थी। विधायक की शिकायत पर एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने 20 मई को पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। खुद भी मौके पर गई थीं। करीब साढे़ तीन सौ क्विंटल चना और मसूर खरीदने का खुलासा हुआ था।
यह भी उजागर हुआ कि 328 किसानों में सिर्फ 37 किसानों से खरीद हुई। अंतत: विपणन अधिकारी की तहरीर पर केंद्र प्रभारी शिवपूजन गुप्ता, सोसाइटी के प्रबंध निदेशक राजेंद्र सिंह ठाकुर, अध्यक्ष राजीव गुप्ता और जिला प्रभारी अवधेश कुमार गुप्ता के विरुद्ध धारा 419, 420, 468, 469 की रिपोर्ट दर्ज की गई है।