बरगढ़। थाना क्षेत्र अंतर्गत कंधरा गांव में बारिश के बाद बिजली के एक खंभे में करंट आ गया। इसकी चपेट में आने एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी है।
मुरका निवासी कुसुमकली ने बताया कि बेटा लवकुश द्विवेदी (30) सोमवार की शाम को निमंत्रण जाने की बात कहकर घर से निकला था।उसने बाइक में तेल डलवाने के लिए सौ रुपये भी लिया था। रात को घर नहीं लौटा था। उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। मंगलवार की सुबह उसे ढूढते हुए परिजन गांव के बाहर आए तो एक खेत में बिजली के खंभे के पास बेटे का अधजला शव मिला।
यह देखकर परिजन चीख पड़े और पुलिस को सूचना दी। महिला ने बताया कि बिजली के खंभा में करंट था। उसी की चपेट में आने से बेटे की मौत होने की आशंका है। बताया कि बारिश हुई थी इससे खंभे में करंट उतारा था। खेत में निमंत्रण से लौटने के बाद रुका होगा। इसी बीच खंभे के पास पहुंचा होगा और करंट की चपेट में आया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राधेश्याम सिंह ने बताया कि मां ने बिजली खंभा में करंट उतरने की वजह बताई है। देखने से लग रहा था कि युवक खुद खंभा में चढ़ा था। इस कारण घटना हुई है। (संवाद)