बांदा। डीआईओएस ने अवैध रूप से चल रही कोचिंग और विद्यालयों पर नकेल कसने के लिए जिले में पांच टीमें गठित की है। टीम प्रभारी हर सप्ताह अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजेंगे।
नया शिक्षासत्र शुरू होते ही जिले में बिना पंजीयन कराए कोचिंग सेंटर चलाने और अवैध ढंग से विद्यालय खोलने की होड़ शुरू हो गई है। जिले में आधा सैकड़ा कोचिंग सेंटरों ने रजिस्ट्रेशन और रिन्यूवल कराया है। जबकि दो सौ से ज्यादा कोचिंगें चल रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक हिफजुर्रहमान ने इन पर अंकुश लगाने के लिए पांच टीमें गठित की हैं।
जीआईसी बांदा प्रधानाचार्य संतोष कुमार देव पांडेय की टीम शहर समेत मटौंध और तिंदवारा में निरीक्षण करेगी। राजकीय हाईस्कूल, पौहार प्रधानाचार्य की टीम नगर क्षेत्र, अतर्रा, बदौसा, बिसंडा और नरैनी तहसील में निगाह रखेगी।
जीजीआईसी बिसंडा प्रधानाचार्य की टीम बबेरू, जीआईसी पैलानी प्रधानाचार्य की टीम पैलानी, जसपुरा, चंदवारा, राजकीय हाईस्कूल करहिया प्रधानाचार्य की टीम पपरेंदा, लामा, डिघवट व चिल्ला क्षेत्र देखेगी।
डीआईओएस ने कहा कि टीम हर सप्ताह अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण करेगी। अवैध विद्यालय व कोचिंग पाए जाने पर संचालकों को नोटिस दी जाएगी। दो नोटिस के बाद भी सुधार नहीं करते तो एफआईआर दर्ज कराएंगे। यदि उनके निरीक्षण में अवैध कोचिंग व विद्यालय मिले तो टीम प्रभारी जिम्मेदार होंगे। उन पर कार्रवाई की जाएगी।