बबेरू। युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। शव सुबह खेत
की मेड़ पर पड़ा मिला। मृतक के नाना की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के
विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मरका गांव के अरवा डेरा
निवासी सुनील (22) पुत्र नत्थू यादव यहां बेसड़ाखेर के पास ननिहाल में रह
रहा था। गुरुवार की शाम वह दशहरा मिलने गया था। वापस नहीं लौटा। रात को
तलाश करने पर उसका पता नहीं चला।
शुक्रवार को सुबह छोटे भाई सुशील
ने घर से कुछ दूर खेत की मेड़ पर उसका शव पड़ा देखा। कनपटी में गोली का घाव
था। नाना बिंदा ने घटना की सूचना कोतवाली में दी। मृतक अविवाहित था।
क्षेत्राधिकारी
यशवीर सिंह व कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुनील बचपन से ही ननिहाल
में रहता था। कुछ दिन पहले उसने भांग की दुकान में सेल्समैन की नौकरी कर ली
थी।
छोटा भाई सुशील भी यहीं रहकर बीए की पढ़ाई करता है। बिंदा का
कहना है कि उसकी किसी से रंजिश नहीं है। उधर, क्षेत्राधिकारी ने घटना का
जल्द खुलासा करने का भरोसा दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप
दिया गया।
हत्या से कुछ घंटे पहले शादी के लिए कुछ लोग सुनील को
देखने आए थे। शाम को ही देखने वाले वापस चले गए। इसी के बाद सुनील दशहरा
मिलन के लिए निकल पड़ा। मां कैलशिया और नाना बिंदा ने बताया कि इस साल उसकी
शादी करने का इरादा था। पिता नत्थू और मां कैलशिया मरका के अरवा डेरा में
रहते हैं।
उनके साथ दो नाबालिग पुत्र और दो पुत्रियां रहती हैं। एक
पुत्री की शादी हो चुकी है। पांच बीघा जमीन में गुजर-बसर करते हैं। दशहरा
के दिन पुत्र की मौत से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।