बांदा। घरेलू विवाद से क्षुब्ध युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। एक अन्य घटना में मोबाइल फोन पर पति से झगड़े के बाद युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उधर, अलग-अलग घटनाओं में तीन युवतियों समेत तीन ने जहर खा लिया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा गांव के मजरा लगदेउरा डेरा में स्वरूप सिंह उर्फ सत्तू (40) ने शनिवार को रात कमरे का दरवाजा बंद कर लकड़ी की धन्नी में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गया। देर रात पत्नी की आंख खुली तो उसने शव फंदे पर टंगा देखा। शोर सुनकर पड़ोसी आ गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई अनूप सिंह ने बताया कि स्वरूप शराब का लती था। देर रात शराब के नशे में उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी। भाई के मुताबिक स्वरूप सिंह की दो पत्नियां हैं। एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन गांव में सुशीला (27) पत्नी देवेंद्र ने शनिवार को रात कमरे में पंखे पर पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पति की निगाह पड़ी तो उसने फंदे से नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिसंडा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पति ने बताया कि ननद से मामूली विवाद के बाद फांसी पर लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उधर, शहर के परशुराम तालाब निवासी रानी (30) पत्नी भगवानदीन ने पुत्र से शनिवार को शाम विवाद के बाद घर पर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। एक अन्य घटना में झांसी जिले के मोंठ निवासी आशा (22) पत्नी शिवराती ने मोबाइल फोन पर पति से विवाद के बाद शहर कोतवाली क्षेत्र के लुधौरा गांव स्थित मायके में जहर खा लिया। दूसरी घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के लुधौरा गांव में आसमां (19) पुत्री सलीम ने शनिवार को शाम घर पर जहर खा लिया। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके।