बांदा। युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे पाया गया। शनिवार को रात करीब 12 बजे कुछ ग्रामीणों ने खैराडा रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास युवक का शव अर्द्धनग्न हालत में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के पास से बरामद परिचयपत्र में लिखे पते पर घर वालों को सूचना दी गई।
उसकी शिनाख्त देहात कोतवाली क्षेत्र के लुकतरा गांव निवासी बालेंद्र सविता (28) पुत्र रामदास के रूप में हुई। वह उरई जनपद के कदौरा गांव अपने मामा के घर गया था। मृतक की मां संतोषिया ने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने उसके पुत्र की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया। उसके पैंट-शर्ट कुछ दूर मिले। पैंट की जेब से दो लोगों का रेलवे टिकट बरामद हुआ। उधर, मटौंध थानाध्यक्ष उमापति मिश्र ने बताया कि युवक की मौत ट्रेन से कटकर हुई है। जंगली जानवर जिस्म से कपड़े नोचकर ले गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।